शनिवार, 15 अगस्त 2020

वीर बाँकुरे

 वीर बाँकुरे ...


देश के रक्षक वीर बाँकुरे ,

आन देश की रखते प्यारे ।

अपनी माटी शीश सजा के,

ऊंची राष्ट्र ध्वजा फहरा के ।।


जय हिन्द का घोष हैं करते ,

निज प्राण का मोह ना करते ।

गगन धरा या सागर  गहरा ,

हर जगह लगाते हैं पहरा ।।


देश हित पर करे जो शंका ,

बज रहा हो युद्ध का डंका ।

चल देती वीरों की टोली ,

जय हिन्द की लगा कर बोली ।।


अरिदल को फिर गरल पिला कर ,

धूसर में भी पुष्प खिला कर ।

झूम रही टोली बलशाली ,

इनसे हम हैं गौरवशाली ।।

    .... निवेदिता श्रीवास्तव 'निवी'