मंगलवार, 4 अगस्त 2020

नवगीत : यादों की महकी अमराई


******
विहस रही बदली वो पगली
यादों की महकी अमराई 
*
बैठ रहा पाटे पर वीरा 
मंगल तिलक लगाये बहना 
सुन आँखों से वो बोल रहा
तू ही है इस घर का गहना 
जब जब तू घर आ जाती है
आती खुशियाँ माँ मुस्काई 
*
मन तरसे अरु आँखें बरसे 
विधना ने क्यों रोकी राहें
नाम लिया है कुछ रस्मों का
रोक रखी वो फैली बाँहें
टीका छोटी से करवाना 
याद मुझे कर हँसना भाई
*
बीती बात याद जो आये
भर भर जाये मेरी अँखियाँ 
इस बरस तू नहीं आयेगी
बता गयी हैं तेरी सखियाँ
एक बार तू आ जा बहना 
कर लेंगे हम लाड़ लड़ाई 
*
रीत निभाना याद दिलाते 
कदम ठिठक बढ़ने से जाये
संस्कारों ने रोक रखा है
चाह रही पर आ नै पाये
पढ़ चिट्ठी अपनी बहना की 
भाई की आँखें भर आई
      ... निवेदिता श्रीवास्तव 'निवी'